Thursday, December 22, 2011

मैं तुझको क्या बताऊं माँ..


मैं तुझको क्या बताऊं माँ,
मैं तुझसे क्या छुपाऊं माँ,
मुझे मालूम है, तुझको पता है, हाल सब मेरा,
मग़र कहके, "दुखी हूं मैं", तुझे कैसे सताऊं माँ..

मैं लिपटा मुश्किलों में हूं,
मैं उलझा मंज़िलों में हूं,
मुझे मालूम है, तू है मरहम, हर ज़ख़्म का मेरे,
मग़र तुझको दिखाकर चोट, मैं कैसे रुलाऊं माँ..

मैं कोशिश रोज़ करता हूं,
मैं हर इक रोज़ मरता हूं,
मुझे मालूम है, मुझपर भरोसा है तुझे पूरा,
मग़र टूटा मेरा ख़ुदपे, तुझे कैसे दिखाऊं माँ..

मेरी मुस्कान झूठी है,
मेरी उम्मीद टूटी है,
मुझे मालूम है, देगा सुकूं, रोना तेरे आगे,
मग़र बेटा हूं, आंसू आँख से, कैसे बहाऊं माँ..
बेटा हूं, आंसू आँख से, कैसे बहाऊं माँ..

मैं तुझको क्या बताऊं माँ,
मैं तुझसे क्या छुपाऊं माँ..

Friday, December 16, 2011

शुक्र है..शुक्रवार है..#28


फिर सब साथ में आओ यारों,
जाम से जाम लड़ाओ यारों,
जहां ठहरा हुआ है आज भी दिल,
वापस वक़्त वो लाओ यारों..

मैं हंसते-हंसते रो पड़ूं फिर से,
बेहुदा बात पे अड़ूं फिर से,
नए कुछ किस्से बनाओ यारों,
वापस वक़्त वो लाओ यारों..

ज़रा कुछ जोश सा मुझमें भर दो,
ज़रा बेहोश सा मुझको कर दो,
मुझे फिर मुझसे मिलाओ यारों,
वापस वक़्त वो लाओ यारों..

ना ग़म हो, ना हो ग़म की कोई ख़बर,
ना हो बहके हुए क़दमों की फ़िक़र,
मुझे फिर इतनी पिलाओ यारों,
वापस वक़्त वो लाओ यारों..

Thursday, December 15, 2011

झुकेगा ना थकेगा ना रुकेगा ठान ले..


शून्य से, अपार से,
बदिराओं की हुंकार से,
ब्रह्मांड भर के भार से,
अम्बर कभी झुका है क्या..
कर्तव्य की पुकार से,
कठिनाई की ललकार से,
इच्छाओं के विकार से,
तू झुका है क्यूं..

प्रकाश के प्रहार से,
निशा के अंधकार से,
पुनः पुनः के वार से,
सूरज कभी थका है क्या..
प्रयास का अपमान कर,
स्वयं को क्षीण जान कर,
क्षण में हार मान कर,
तू थका है क्यूं..

सूखे से या अकाल से,
आंधी से या भूचाल से,
जीवन से या कि काल से,
समय कभी रुका है क्या..
वो खो गया है इसलिये,
तू रो गया है इसलिये,
कुछ हो गया है इसलिये,
तू रुका है क्यूं..

अम्बर से.. सूरज से.. समय से ज्ञान ले,
झुकेगा ना थकेगा ना रुकेगा ठान ले..
झुकेगा ना थकेगा ना रुकेगा ठान ले..

Monday, December 12, 2011

कुर्बानी


ये बिन अपवाद, आंसू-दर्द, अपने संग लाती है,
इच्छा और अच्छा में, उबलती जंग लाती है,
गुज़रती क्या है कुर्बानी में कुर्बां पर, है ये जाना,
बस अब ये देखना बाकी है, क्या ये रंग लाती है..

Friday, December 9, 2011

शुक्र है..शुक्रवार है..#27



मैं इसको पा बहकता हूं, ये मेरी हो महकती है,
मैं तब जाके सुलझता हूं, ये जब मुझमें उलझती है,
ना मैं सबको समझता हूं, ना सब मुझको समझते हैं,
मैं जब ख़ुदको नहीं पाता, मय तब मुझको समझती है..

Wednesday, December 7, 2011

जवाब तब मिले हैं, जब सवाल खो गए..


तलाशते तलाशते, ख़याल खो गए,
जवाब तब मिले हैं, जब सवाल खो गए..

अब क्या बताऊं मैं, के कितना वक़्त हो गया,
"साल हो गए" कहे भी, साल हो गए..

वो सपना, वो ख़्वाहिश, वो आरज़ू, वो तमन्ना,
दुनिया के झमेलों में, सब हलाल हो गए..

जब तक था साथ, तब तलक थे रास्ते सीधे,
तन्हा चला, तो सब उलझ के जाल हो गए..

इश़्क था, उनको भी था, मुझको भी था, फिर क्यूं,
बेहाल हो गया मैं, वो निहाल हो गए..

वो करते रहे ज़ुल्म, मैने उफ़ नहीं किया,
वो थक गए, मैं हंस पड़ा, बवाल हो गए..

धोखों से, दग़ाओं से कुछ तो फ़ायदा हुआ,
कलम हुई तलवार, लफ़्ज़ ढाल हो गए..

ये श़ेर क्या हैं, क्या ग़ज़ल, हैं बस ग़म-ए-'घायल',
जितना मैं रोया, उतने ही कमाल हो गए..

Friday, December 2, 2011

शुक्र है..शुक्रवार है..#26



मंदिरों में, मस्जिदों में, ना-मंज़ूर हो गए,
भगवान से, ख़ुदा से, थोड़ा दूर हो गए,
अज़ान-आरती, हैं दोनो देती सुनाई,
नज़दीक़ थे जो मयकदे, मशहूर हो गए..