Monday, December 12, 2011

कुर्बानी


ये बिन अपवाद, आंसू-दर्द, अपने संग लाती है,
इच्छा और अच्छा में, उबलती जंग लाती है,
गुज़रती क्या है कुर्बानी में कुर्बां पर, है ये जाना,
बस अब ये देखना बाकी है, क्या ये रंग लाती है..

Friday, December 9, 2011

शुक्र है..शुक्रवार है..#27



मैं इसको पा बहकता हूं, ये मेरी हो महकती है,
मैं तब जाके सुलझता हूं, ये जब मुझमें उलझती है,
ना मैं सबको समझता हूं, ना सब मुझको समझते हैं,
मैं जब ख़ुदको नहीं पाता, मय तब मुझको समझती है..

Wednesday, December 7, 2011

जवाब तब मिले हैं, जब सवाल खो गए..


तलाशते तलाशते, ख़याल खो गए,
जवाब तब मिले हैं, जब सवाल खो गए..

अब क्या बताऊं मैं, के कितना वक़्त हो गया,
"साल हो गए" कहे भी, साल हो गए..

वो सपना, वो ख़्वाहिश, वो आरज़ू, वो तमन्ना,
दुनिया के झमेलों में, सब हलाल हो गए..

जब तक था साथ, तब तलक थे रास्ते सीधे,
तन्हा चला, तो सब उलझ के जाल हो गए..

इश़्क था, उनको भी था, मुझको भी था, फिर क्यूं,
बेहाल हो गया मैं, वो निहाल हो गए..

वो करते रहे ज़ुल्म, मैने उफ़ नहीं किया,
वो थक गए, मैं हंस पड़ा, बवाल हो गए..

धोखों से, दग़ाओं से कुछ तो फ़ायदा हुआ,
कलम हुई तलवार, लफ़्ज़ ढाल हो गए..

ये श़ेर क्या हैं, क्या ग़ज़ल, हैं बस ग़म-ए-'घायल',
जितना मैं रोया, उतने ही कमाल हो गए..

Friday, December 2, 2011

शुक्र है..शुक्रवार है..#26



मंदिरों में, मस्जिदों में, ना-मंज़ूर हो गए,
भगवान से, ख़ुदा से, थोड़ा दूर हो गए,
अज़ान-आरती, हैं दोनो देती सुनाई,
नज़दीक़ थे जो मयकदे, मशहूर हो गए..

Monday, November 28, 2011

यही तो चाहता था मैं..


यही तो चाहता था मैं..
यही तो चाहता था मैं, वो मुझसे दूर रह पाए,
मैं उसको भूल ना पाऊं, उसे मेरी याद ना आए,
वो मुझको भूल बैठी है, वो खुश है आज बिन मेरे,
यही तो चाहता था मैं, तो फिर सांसें जमी क्यूं है...

यही तो चाहता था मैं..
यही तो चाहता था मैं, मुझे दिल से मिटा दे वो,
जो लम्हे संग थे ग़ुज़रे, ज़हन से सब हटा दे वो,
नहीं नाम-ओ-निशां मेरा, वो खुश है आज बिन मेरे,
यही तो चाहता था मैं, तो फिर इतनी कमी क्यूं है...

यही तो चाहता था मैं..
यही तो चाहता था मैं, मेरे बिन सीख ले जीना,
ना रखे आस कंधे की, वो आंसू सीख ले पीना,
हंसी उसके लबों पर है, वो खुश है आज बिन मेरे,
यही तो चाहता था मैं, तो आँखों में नमी क्यूं है...

यही तो चाहता था मैं..
यही तो चाहता था मैं, वो दिल अपना खुला रखे,
कोई मेरे सिवा भाए, तो ना दिल में गिला रखे,
बसा कर और को दिल में, वो खुश है आज बिन मेरे,
यही तो चाहता था मैं, तो ये धड़क
न थमी क्यूं है...
मेरी धड़कन थमी क्यूं हैं..

Wednesday, November 23, 2011

दर्द लफ़्ज़ों में बयां करता हूँ..



मैं-इश्क़ बे-पनाह करता हूँ,
कोई पूछे तो-मना करता हूँ,
आह बातों में छुपा लेता हूँ,
दर्द लफ़्ज़ों में-बयां करता हूँ..

मैं उसकी एक झलक की ख़ातिर,
ना पूछ कितनी दुआ करता हूँ,
वो जिस गली से कभी गुज़री थी,
वहीं कदमों के निशां करता हूँ..

उसकी कसमों को निभाने के लिये,
रोज़ ख़ुद से मैं दग़ा करता हूँ,
वो रहे पास या हो दूर कहीं,
वफ़ा करता था, वफ़ा करता हूँ..

लो आँख बंद की, वो आई नज़र,
यूं फ़ासलों को फना करता हूं,
इश्क़ को साथ ज़रूरी तो नहीं,
साथ करता था, जुदा करता हूं,

आएगी फिर से मेरी किस्मत में,
यही उम्मीद सदा करता हूँ,
वक़्त को तेज़ चलाने के लिये,
चाँद-सूरज को हवा करता हूँ..

कभी जो ऊबता हूँ जीने से,
चंद ज़ख्मों को हरा करता हूँ,
उसकी यादें मिला के सांसों में,
दवा सा फूंक, भरा करता हूँ..

जो उसको बेव़फा बताते हैं,
उन्हे दर से ही दफ़ा करता हूँ,
मैं जानता हूँ उसकी जान हूँ मैं,
उसकी धड़कन में बसा करता हूँ..


Tuesday, November 22, 2011

इतना भी मैं 'घायल' नहीं हूँ..



मैं तूफ़ां हूँ जले दिल का, कोई बादल नहीं हूँ,
कफ़न हूँ इश्क़ का मैं, माँ का मैं आँचल नहीं हूँ..

दग़ा देकर मुझे, आगे मेरे मासूम ना बन,
ये माना इश्क़ में पागल-हूँ-मैं, पागल नहीं हूँ..

भुलाने में मुझे लग जाएगी ता-उम्र तेरी,
गुज़र जाए जो पल भर में, के मैं वो पल नहीं हूँ..

कभी रस्ते में ग़र मिल जाऊं, तो बचके ग़ुज़रना,
बवंडर बन गया हूँ, अब ज़रा हलचल नहीं हूँ..

सहारे की ना मुझसे अब कभी उम्मीद रखना,
मैं ख़ुद मुश्किल हूँ तेरी, मुश्किलों का हल नहीं हूँ..

कोई जब तोड़ दे दिल, तो ना मेरे पास आना,
तू मेरा कल थी, लेकिन अब मैं तेरा कल नहीं हूँ..

तेरे हर वार का बदला मैं तुझसे गिन के लूंगा,
ज़ख़्म कितने भी हों, इतना भी मैं 'घायल' नहीं हूँ..